Saturday, June 6, 2026
CrimeViral

​​​​​​​​​​लड़की ने कर दिया ‘रिजेक्ट’ तो सिरफिरे आशिक ने फूंक दिया घर, खौफनाक करतूत से दहल उठा इलाका

Featured Image

Petrol Bombs attack at Womans House: तमिलनाडु के कोयंबटूर से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. एक सिरफिरे युवक ने सिर्फ इसलिए एक लड़की के घर को पेट्रोल बम से उड़ाने की कोशिश की, क्योंकि उसने उस अपराधी से बात करने से मना कर दिया था. आरोपी कोई आम इंसान नहीं बल्कि एक खूंखार हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले से ही दर्जनों मामले दर्ज हैं. इस हैरान कर देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है.

कॉलेज में हुई थी दोस्ती

पीड़ित लड़की की मुलाकात आरोपी कार्तिक उर्फ मरिअप्पन से तब हुई थी, जब वह कोयंबटूर के एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत थी. लेकिन जैसे ही लड़की को पता चला कि कार्तिक एक शातिर अपराधी है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, उसने तुरंत सूझबूझ दिखाई. युवती ने कार्तिक से अपने सारे रिश्ते तोड़ लिए और उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया.

दोस्ती तोड़ने पर करने लगा था परेशान

रिश्ता टूटना कार्तिक को बर्दाश्त नहीं हुआ. वह लगातार लड़की को फोन पर और सामने आकर प्रताड़ित करने लगा. वह उस पर दोबारा बात करने का दबाव बना रहा था. जब लड़की ने उसकी एक न सुनी, तो कार्तिक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. रविवार की शाम को यह विवाद बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब कार्तिक अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर लड़की के घर पहुंच गया.

पिता को धमकी और पेट्रोल बम से हमला

आरोपी कार्तिक और उसके दोस्तों ने सबसे पहले घर के बाहर खड़े लड़की के पिता के साथ बदसलूकी की. उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी. इसके तुरंत बाद, उन्होंने शराब की बोतलों में पेट्रोल भरकर बनाए गए बम एक के बाद एक घर के अंदर फेंकने शुरू कर दिए. एक बोतल घर के पोर्च के पास जाकर फटी, जिससे वहां भीषण आग लग गई.

सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

इस हमले में घर के बाहर रखा शू-रैक और कई अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए. आग इतनी तेज थी कि वहां खड़ी एक टू-व्हीलर का अगला पहिया भी उसकी चपेट में आ गया. गनीमत यह रही कि इस हादसे में परिवार का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ. घटना के बाद इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें साफ दिख रहा है कि आरोपी पहले ईंधन खरीदते हैं और फिर घर पर बम फेंकते हैं.

लड़की के पिता की शिकायत पर थोंडामुथुर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी कार्तिक पर पूरे राज्य में पहले से ही 31 से अधिक आपराधिक मामले लंबित हैं. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है.

यह भी पढ़ें: बर्तन मांजने से… महिला रिक्शा ड्राइवर ने वो बातें बताई, जिसे सुनकर रो पड़ी सवारी

यह भी पढ़ें: फोन था साइलेंट पर, सुबह उठकर जब बेटी ने सुना मां का वॉइस नोट तो फूट-फूटकर रोने लगी

Leave a Reply