Wednesday, April 22, 2026
Viral

हरियाणा में गर्मी“ दिखाने लगी तेवर` 31, डिग्री पहुंचा तापमान आगे कैसा रहेगा मौसम जानिए अपडेट

फरीदाबाद: फरवरी का महीना आमतौर पर हल्की ठंड और सुहाने मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार हरियाणा में हालात कुछ अलग नजर आ रहे हैं. महीने के आखिरी हफ्ते में ही लोगों को मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है. दोपहर के समय तेज धूप चुभने लगी है और लोग हल्के कपड़ों में नजर आने लगे हैं. 23 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया, जिससे साफ संकेत मिल रहा है कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे रही है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. इतना ही नहीं तापमान सामान्य से करीब 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया. सबसे ज्यादा तापमान गुरुग्राम जिले के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी में 31.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. फरवरी में 31 डिग्री पार होना अपने आप में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

अन्य जिलों की बात करें तो हिसार में 29.7 डिग्री, भिवानी में 30.7 डिग्री और नूंह में 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. करनाल में 27.2 डिग्री, नारनौल में 28.5 डिग्री और अंबाला में 26.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ. चंडीगढ़ में भी तापमान 27.2 डिग्री रहा जो सामान्य से लगभग 2.9 डिग्री ज्यादा है.

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 28 फरवरी तक मौसम आमतौर पर शुष्क रह सकता है. इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट संभव है. 28 फरवरी को आंशिक बादल छाने की संभावना है और अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है.
कुल मिलाकर फरवरी के अंत में ही हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. अगर यही रुख रहा तो मार्च की शुरुआत और ज्यादा गर्म हो सकती है, जिसका असर आम लोगों के साथ-साथ किसानों पर भी पड़ सकता है.

khabarmonkey@gmail.com

Leave a Reply